युवा नौकरी मांग रहे हैं, पर मोदी सरकार चांद देखने को कहती है- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मीडिया मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रहे है। महाराष्ट्र में लातूर जिले के औसा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि जब युवा नौकरी मांगते है, तो सरकार उन्हें, इसरो के हालिया चंद्र अभियान - चंद्रयान-2 के स्पष्ट संदर्भ में चांद देखने के लिए कहती है। इस दौरान राहुल गांधी ने राफेल के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने यह भी जानकारी देने को कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ हाल में हुई बैठक के दौरान मोदी ने क्या उनसे 2017 डोकलाम गतिरोध के बारे में पूछा? वह 2017 में भारतीय क्षेत्र में चीनी सैनिकों की कथित घुसपैठ का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने "15 अमीर लोगों" का 5.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया। गांधी ने आरोप लगाया, मीडिया, मोदी और शाह का काम मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना है।

“किसानों के संकट और नौकरियों की कमी पर मीडिया चुप है। मीडिया अमीर लोगों की कर्ज माफी पर भी चुप्पी साधे है।” उन्होंने कहा कि नोटबंदी और वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) का उद्देश्य गरीबों की जेबों से पैसा निकाल कर अमीरों को देना था। गांधी ने कहा, "जब युवा नौकरियाँ मांगते है तो सरकार उन्हें चांद देखने के लिए कहती है। सरकार अनुच्छेद 370, चांद की बात करती है लेकिन देश की समस्याओं पर चुप है।" (भाषा इनपुट्स के साथ)

Share:

Search This Blog

Archives

Definition List

header ads